कांडी: आसमान से बरस रही आग ने ले ली चार लोगों की जान
साकेत मिश्र
कांडी : आसमान से बरस रही आग ने चार लोगों की जान ले ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार सड़की गांव निवासी 85 वर्षीय इनर पासवान एवं 75 वर्षीय सतनी कुंअर किसी काम से बीते कल कांडी आई थी। जिन्हें लू लग गई। घर जाने पर कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। इसी तरह पतीला गांव निवासी बदू मियां पशुओं का रोजगार करते थे। वह भी कांडी क्षेत्र में अपने काम से आए थे। उन्होंने किसी से ₹3000 उधार लेकर घुटूरवा गांव तरफ मवेशियों को खरीदने के लिए तय किया। लौटती में उधार लिया पैसा वापस किया। इसी बीच उन्हें लू लग गई। घर जाने पर उनकी भी कुछ देर बाद मौत हो गई। उधर शिवपुर पंचायत के अधौरा गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय की रसोईया बचिया देवी की भी लू लगने से मौत हो गई है। इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के गढ़वा जिला अध्यक्ष रामलाला दुबे सहित कई लोगों ने कहा कि तीनों की मौत लू लगने से हुई है। दुर्भाग्य है कि कांडी बाजार में पानी पीने की कोई सार्वजनिक व्यवस्था नहीं है। यहां लोग पानी के बिना भटकते रहते हैं। इसी बीच उन्हें लू लग जाती है। इस प्रखंड स्तरीय बाजार के लिए पर्याप्त संख्या में चापाकल लगाने, जल मीनार लगाने, बिगड़े एवं मृत्त चापाकलों की मरम्मत या फिर से अधिष्ठापन की लगातार मांग की जाती रही है। लेकिन अधिकारी से लेकर जनप्रतिनिधि तक किसी को इसकी चिंता नहीं है। इस दूर्व्यवस्था के कारण कई लोगों की मौत होती है। जो प्रकाश में नहीं आता है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह पहला प्रखंड मुख्यालय है जहां आम लोगों को पीने के लिए पानी नहीं है। शौचालय एवं मूत्रालय नहीं है। उन्होंने फिर से दोहराते हुए कहा कि तीनों बुजुर्गों की मौत कांडी में पानी नहीं मिलने के कारण लू लगने से हो गई।