Advertisement

कांडी::श्री कृष्ण अर्जुन गौशाला चैरिटेबल ट्रस्ट के द्वारा होगा पांच दिवसीय रुद्र महायज्ञ, 14 फरवरी को निकाला जाएगा विराट कलश यात्रा

Share

कांडी(गढ़वा) : प्रखण्ड क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर पँचायत स्थित श्री कृष्ण-अर्जुन गौशाला चैरिटेबल ट्रस्ट (पंजीकृत) के तहत चल रहे गुरुकुल आश्रम के माध्यम से पांच दिवसीय अभिषेकात्मक रुद्र महायज्ञ का आयोजन होना सुनिश्चित हुआ है, जिसके लिए 14 फरवरी को विराट कलश यात्रा निकाली जाएगी। स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की जा रही है। यज्ञशाला का भी निर्माण सहित अन्य कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। यह महायज्ञ हिमालय उत्तराखंड के बद्रीनाथ से पधारे स्वामी हनुमान दास जी महाराज के नेतृत्व में होगा। जहां ब्रह्मचारीयों की टोली भी पहुंचेगी।

 

उक्त विषय की जानकारी ट्रस्ट के संचालक दिल्ली उच्च न्यायालय के अधिवक्ता अमितेश कुमार चौबे ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट के माध्यम से संचालित तीन आश्रम के माध्यम से लगभग 900 गोवंशों का पालन-पोषण व संवर्धन का कार्य किया जाता है। उन्होंने कहा कि 2020 ई. से संचालित शिवपुर आश्रम में फिलहाल 60 से अधिक देशी गोवंशों का भरण पोषण का कार्य किया जा रहा है। साथ ही इस गुरुकुल आश्रम में दर्जन भर शिष्यों को संस्कृत, गीत-संगीत, धर्म-कर्म व शास्त्र की शिक्षा प्रदान की जा रही है। गुरुकुल आश्रम में पारंपरिक व धार्मिक तरीके से शिक्षा प्रदान करने के बाद प्रशिक्षित कर साधक भी तैयार किया जाता है। उन्होंने बताया कि गुरुकुल आश्रम में जैविक कृषि भी करने की परंपरा है। 

 

आश्रम संचालक अमितेश कुमार ने बताया कि रुद्र महायज्ञ के लिए 14 फरवरी को कलश सह शोभा यात्रा, पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश व प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से वेद पाठ 7:30 बजे तक, 8:00 से देव पूजन, रुद्राभिषेक 12:00 बजे तक। मध्यान्ह विश्राम के पश्चात 2:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक सत्संग व प्रवचन, 6:00 बजे से संध्या आरती, कीर्तन 8:00 बजे तक। 18 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन उपलक्ष में रात्रि जागरण, अभिषेक, कीर्तन व 19 फरवरी को यज्ञ की पूर्णाहुति व प्रसाद का वितरण होगा। खास बात तो यह कि पांचों दिन भंडारा का भव्य आयोजन होगा, जहां अनगिनत लोग भोजन ग्रहण कर सकेंगे।

 

उन्होंने समाजसेवियों व क्षेत्र की जनता से आग्रह करते हुए मीडिया के माध्यम से कहा है कि सभी लोग चंदा के रूप में सहयोग करें, जिससे आयोजित महायज्ञ ठीक तरीके से सम्पन्न हो सके। साथ ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु कलश यात्रा में शामिल हो कर पुण्य की भागी बनें।


Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!