Advertisement

गढ़वा: सड़क चौड़ीकरण में रैयतों की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाने एवं मुआवजा देने हेतु अंचलवार समीक्षा

Share


अतुलधर दुबे

गढ़वा : उपायुक्त रमेश घोलप की अध्यक्षता में भू-अर्जन के तहत एनएच 75 सेक्शन 5 खजूरी से विंढमगंज पथ चौड़ीकरण/फोरलेन से संबंधित समीक्षात्मक बैठक संपन्न की गई। उक्त बैठक में अपर समाहर्ता पंकज कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी नगर उंटारी आलोक कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा राज महेश्वरम, संबंधित अंचल अधिकारी, अंचल निरीक्षक, हल्का कर्मचारी, जिला कल्याण पदाधिकारी कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल एवं एनएचएआई के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थें।

सड़क चौड़ीकरण में रैयतों की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाने एवं मुआवजा देने हेतु अंचलवार समीक्षा की गई। एनएच 75 सेक्शन 5 खजूरी से विंढमगंज पथ चौड़ीकरण से संबंधित विभिन्न एजेंडों पर चर्चा करते हुए अद्यतन स्थिति से अवगत होने के उपरांत कार्य में तेजी लाते हुए कम से कम 80% तक कार्य 4 से 5 दिनों के अंदर पूर्ण कर लेने हेतु निर्देशित किया गया।

उक्त पथ चौड़ीकरण अंतर्गत कुल 37 ग्रामों का अवार्ड निर्माण किया जा चुका है। अंचल अधिकारी गढ़वा, मेराल, रमना एवं नगर उंटारी को निर्देशित किया गया है कि अवार्ड निर्माण किए गए 37 ग्रामों का भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र, वंशावली एवं पंजी-2 की अभिप्रमाणित छायाप्रति शीघ्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

अधियाची निकाय परियोजना निदेशक NHAI मेदिनीनगर पलामू द्वारा कुल 18 ग्रामों का संरचना का प्राक्कलन (जिसके अंतर्गत रैयती/गैरमजरूआ/वन भूमि) प्राप्त है। शेष 8 ग्रामों का संरचना का प्राक्कलन प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया। अंचल अधिकारी रमना, नगर उंटारी से अर्जनाधीन भूमि पर अवस्थित संरचना की भूमि का किस्म (गैoमo, रैयती, जंगल-झाड़ी आदि) का अप्राप्त सत्यापन प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। अंचल मेराल अंतर्गत फ्लाईओवर के 3D का कार्य हेतु अधियाची निकाय परियोजना निदेशक एनएचएआई, मेदिनीनगर पलामू के स्तर से लंबित है, जिसके लिए 1 सप्ताह का समय मांगा गया।

एफआरए से संबंधित रकबा 19.9018 हेक्टेयर भूमि का कार्य अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा एवं नगर उंटारी के स्तर से पूर्ण करने के पश्चात जिला कल्याण पदाधिकारी को उपलब्ध करा दिया गया है, जिसपर अग्रेतर कार्रवाई हेतु उपायुक्त श्री घोलप द्वारा मौके पर उपस्थित जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त nh75 सेक्शन 4 गढ़वा बाईपास के तहत ग्राम अचला नावाडीह (331) में कब्रिस्तान एवं ग्राम खजरी में 1 किलोमीटर पर भूमि अधिग्रहण का कार्य जल्द करने हेतु निर्देशित किया गया। अंचलवार समीक्षा करने के दौरान जिन अंचलों में शून्य प्रतिवेदन पाया गया, उस पर उपायुक्त द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारियों को फटकार लगाई गई एवं प्राथमिकता के साथ कार्य पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।

भूमि अधिग्रहण से संबंधित कार्य का 80%, 31 दिसंबर 2022 तक निश्चित रूप से पूर्ण करने हेतु उपस्थित सभी अंचल अधिकारी, अंचल निरीक्षक एवं हल्का कर्मचारी तथा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है।



Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!