श्री बंशीधर नगर: आंगनबाड़ी केंद्रों में लूट की मची खुली छूट, जानिए क्या है पुरा मामला?
श्री बंशीधर नगर : आंगनबाड़ी केंद्रों में लूट की खुली छूट मची हुई है। यहां बिना सेविका के आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन कर नौनिहालों के हक पर डाका डाला डाला जा रहा है। यह मामला नगर ऊंटारी बाल विकास परियोजना अंतर्गत कोलझिकी पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र पईन टोला का है। जानकारी के मुताबिक आंगनबाड़ी केंद्र पईन टोला में सुबह 11:00 बजे तक न तो सेविका आभा रवानी थी और न ही तो कोई भी बच्चे मौजूद थे। सहायिका संगीता देवी चावल पका रही थी। जबकि केंद्र की सेविका हमेशा गायब रहती हैं। सेविका के द्वारा प्रति माह फर्जी तरीके से रजिस्टर मेंटेन कर पूरी राशि डकार ली जा रही है। सहायिका ने बताया कि सेविका नहीं आती हैं। वे ही सेंटर चला रही हैं जो बच्चे आते हैं उनको भोजन कराया जाता है। बाकी वह कुछ नहीं जानती हैं। सेविका महीने में एकाद बार आती हैं और महीने भर की हाजिरी बनाकर गायब हो जाती हैं। पत्रकारों के वहां पहुंचने के बाद किसी तरह दो बच्चे केंद्र पर पहुंचे थे।
भूसे वाले रूम में बच्चों के बैठने की है व्यवस्था
कोलझिकी पंचायत के पईन टोला में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने वाले नौनिहालों को बैठने के लिये भूसे वाले रूम में व्यवस्था की गई है। जबकि उसी रूम में भोजन भी बनाया जाता है। उधर इस संबंध में पूछे जाने पर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी रीना साहू ने कहा कि बिना सेविका के केंद्र का संचालन किया जाना गंभीर मामला है। मामले की जांच कर सेविका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। साथ ही पर्यवेक्षिका दीपा कुमारी से स्पष्टीकरण पूछा जायेगा।