Advertisement

श्री बंशीधर नगर: वूमन ट्रैफिकिंग की शिकार होने से बची दो आदिवासी लड़कियां, लोगों ने संदिग्ध लोगों को पकड़कर पुलिस को सौंपा, पूछताछ में जुटी पुलिस

Share

 

जाँच करती महिला थाना प्रभारी व अन्य

श्री बंशीधर नगर : झारखंड में वूमन ट्रैफिकिंग का मामला तेजी से बढ़ रहा है। इस कुकृत्य में संलिप्त लोग गरीब व भोली भाली आदिवासी लड़कियों को सबसे अधिक शिकार बना रहे हैं। इसका ताजा मामला झारखंड के गढ़वा जिला से सामने आया है। यहां संदिग्ध लोगों द्वारा दो आदिवासी लड़कियों के साथ संदेहास्पद तरीके से शादी का दबाव डाले जाने का मामला देख लोगों ने संदिग्धों को पुलिस के हवाले किया है। लोगों की इसी सूझबूझ के कारण उक्त दोनों लड़कियां वूमन ट्रैफिकिंग की शिकार होने से बाल-बाल बच गयी। 

 

जानकारी के मुताबिक कथित दलालों के द्वारा सोमवार की सुबह नगर ऊंटारी कचहरी पर बिना माता पिता व परिजन के छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर से लाई गई दो आदिवासी लड़कियों को बहला-फुसला कर मध्य प्रदेश के ग्वालियर के युवक से शादी के लिये राजी कराया जा रहा था। जिसकी भनक स्थानीय लोगों को लग गयी। उसके बाद यह खबर पूरे शहर में आग की तरह फैल गयी और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग सिविल कचहरी पर जुट गये। लोगों के द्वारा पुलिस को भी इसकी खबर दी। 

उधर लोगों की भीड़ लगने एवं मामला बिगड़ता देख दलाल के कान खड़े हो गये और दोनों लड़कियों को दो युवकों के साथ कचहरी से बाहर भगा दिया। उधर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दलाल व शादी करने पहुंचे मध्य प्रदेश के युवक एवं उसके परिजनों को हिरासत में लेकर थाने ले आयी। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों लड़कियों को भी बरामद कर लिया गया। 

उधर इसकी खबर मिलने पर भाजपा अजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष लक्ष्मण राम, विधायक प्रतिनिधि ओमप्रकाश गुप्ता के अलावे विहिप व बजरंग दल के सदस्य कचहरी पर जुट गए। उनलोगों ने कहा कि दलालों द्वारा भोली-भाली आदिवासी दलित गरीब लड़कियों के बेचने और खरीदने का घिनौना खेल जारी है। पैसे लेकर लड़कियों को बेचना जघन्य अपराध है। उनलोगों पुलिस से पूरे मामले की जांच कर इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। 

 

क्या कहते हैं एसडीपीओ

एसडीपीओ प्रमोद कुमार केसरी ने कहा कि अभी तक अनुसंधान में वूमन ट्रैफिकिंग का मामला सामने नहीं आया है। दोनों लड़कियां बालिग हैं। शादी के लिये दोनों लड़कियों ने खुद से हामी भरी हैं। फिलहाल दोनों लड़कियों के परिजनों को भी बुलाया गया है। जांच अभी जारी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।


Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!