Advertisement

गढ़वा: ग्रामीणों की आस्था को मिलेगा मुकाम, छठ महापर्व से पूर्व पूर्ण होगा मंदिर का निर्माण : मिथिलेश ठाकुर 

Share

 

अतुल दुबे 

पोटमा के झाउल तालाब में होगा भव्य सूर्य मंदिर का निर्माण, मंत्री ने किया भूमिपूजन

 

गढ़वा : जिला मुख्यालय के समीपवर्ती पोटमा लगमा गांव स्थित झाउल तालाब में भव्य सूर्य मंदिर का निर्माण किया जाएगा। तालाब के बीचो-बीच बहुत ही आकर्षक जलीय सूर्य मंदिर का निर्माण होगा। शुक्रवार को वैशाख पूर्णिमा के मौके पर गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने मंदिर निर्माण कार्य का विधिवत पूजा अर्चना कर भूमि पूजन किया। आसपास के करीब एक दर्जन गांव के ग्रामीण व जनप्रतिनिधियों के प्रयास एवं सहयोग से इस मंदिर का निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया है।

        मौके पर मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि इस क्षेत्र के ग्रामीणों ने झाउल तालाब में भगवान भास्कर की मंदिर निर्माण की मांग किया था। उन्होंने ग्रामीणों को यहां काफी भव्य एवं आकर्षक मंदिर निर्माण कराने का आश्वासन दिया था। आज इस का भूमि पूजन किया गया। अगले दिन से निर्बाध रूप से युद्ध स्तर पर मंदिर का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि ग्रामीणों की आस्था को मुकाम तक पहुंचाया जाएगा। तालाब के मध्य में भव्य एवं आकर्षक जलीय सूर्य मंदिर का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी छठ महापर्व के पूर्व इस मंदिर का निर्माण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ताकि छठ महापर्व मंदिर परिसर में किया जा सके। मंत्री ने कहा कि गढ़वा जिला का यह अनोखा व अद्भुत सूर्य मंदिर होगा। साथ ही इस तालाब का सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य किया जाएगा। मंदिर तक पहुंचने के लिए जलीय पहुंच पथ (पुल) भी बनाया जाएगा। आसपास के लगमा, पोटमा,चिरौंजिया, खजूरी, बघौता, अकलवानी, अरंगी, सेमरटांड़ आदि दर्जनभर गांव के ग्रामीण व जनप्रतिनिधि इस कार्य में सहयोग कर रहे हैं। ग्रामीणों का यह प्रयास बहुत ही सराहनीय है। मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि वे संपूर्ण गढ़वा के विकास कार्य के साथ-साथ जन भावना एवं जनआस्था के कार्य को भी पूर्ण करने के लिए संकल्पित हैं। जहां भी मंदिर, छठ घाट आदि की आवश्यकता होती है, ग्रामीण मांग करते हैं। उसे भी वे हर संभव पूरा करने का प्रयास करते हैं। 

 

 सूर्य मंदिर निर्माण समिति का गठन, मंत्री को बनाया गया मुख्य संरक्षक

                 

पोटमा गांव स्थित झाउल तालाब में सूर्य मंदिर निर्माण का भूमि पूजन के मौके पर सर्वसम्मति से सूर्य मंदिर निर्माण समिति का गठन किया गया। इसमें गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर को मुख्य संरक्षक, गोविंद उवि के पूर्व प्राचार्य सुरेंद्र तिवारी को संरक्षक बनाया गया है। जबकि त्रिपुरारी कुमार पांडेय को अध्यक्ष, विनोद कुमार तिवारी को उपाध्यक्ष, सुधीर कुमार तिवारी को सचिव, ओम प्रकाश गुप्ता को कोषाध्यक्ष, शशिकांत पांडेय को उप कोषाध्यक्ष, संजय कुमार सोनी को उपसचिव बनाया गया है। साथ ही कोरवाडीह पंचायत के मुखिया शरीफ अंसारी, खजूरी मुखिया श्रीकांत दुबे, मिथिलेश तिवारी, कौशल कुमार पांडेय, धनवंत प्रसाद गुप्ता, मनोज प्रसाद गुप्ता, अनंत प्रसाद गुप्ता, बुद्धि नारायण प्रसाद एवं अमित सिंह को संयोजक बनाया गया है। इसके अतिरिक्त कमेटी का विस्तार अगले सप्ताह किया जाएगा l भूमि पूजन के मौके पर उक्त सहित काफी संख्या में ग्रामीण एवं झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।


Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!