श्री बंशीधर नगर: नेहरू युवा केन्द्र की ओर से दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू
खेल से खिलाड़ियों का शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक विकास होता है : शैलेश चौबे
श्री बंशीधर नगर : नेहरू युवा केन्द्र श्री बंशीधर नगर इकाई की ओर से खेल दिवस के मौके पर यहां अनुमंडल कार्यालय के ग्राउंड में दो दिवसीय विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ बीडीओ श्रवण राम एवं प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष शैलेश कुमार चौबे ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।उस मौके पर बीडीओ श्रवण राम ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल जरूरी है। खिलाड़ी खेल में भी बेहतर प्रदर्शन कर अपना भविष्य बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण पिछले दो वर्षों से खेल समेत सभी कार्य प्रभावित हुआ था। किंतु अब सब सामान्य होने के बाद खेल के क्षेत्र में बाढ़ सी आ गई है। गांव से लेकर शहर तक जोर शोर से खेल का आयोजन किया जा रहा है।
बीडीओ ने नेहरू युवा केन्द्र के कार्यों की सराहना की। कहा कि नेहरू युवा केन्द्र के द्वारा सभी क्षेत्रों में बेहतर कार्य किया जा रहा है जो काबिले तारीफ है। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुये बेहतर खेल का प्रदर्शन करने की अपील की।
प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष शैलेश कुमार चौबे ने कहा कि खेल से खिलाड़ियों का शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी खेल में भी बेहतर प्रदर्शन कर अपना कैरियर बनाने के साथ साथ राज्य एवं देश का नाम रौशन कर सकते हैं।
श्री चौबे ने भी नेहरू युवा केन्द्र के कार्यों की सराहना करते हुये कहा कि नेहरू युवा केंद्र की ओर से शिक्षा, खेल के साथ साथ सामाजिक क्षेत्रों में भी बेहतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेल खेलने की अपील की। संचालन गढ़वा जिला कबड्डी संघ के सचिव अजय कुमार ने किया।
मौके पर अखिल शुक्ला, चंद्रकेतु, संजय प्रसाद, प्रणव कुमार, स्वयंसेवक, ऋतु कुमारी, बबीता कुमारी, धर्मेंद्र कुमार, ई शिवम चौबे, समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद थे।